- आग लगने के कारण गुजर रहे वाहन चालक भी रुके
- विद्युत अधिकारियों ने दमकल की मदद से बुझाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट होने से प्रतापपुर रोड सहारे लगे हुए पोल पर लगे अन्य तारों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सड़क पर दौड़ रहे वाहन भी पीछे रुक गए। सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने आपूर्ति को रोककर दमकल की मदद से आग पर काबू पाया।
प्रतापपुर रोड के सहारे एक विद्युत पोल लगा हुआ है। जिससे होकर विद्युत तार एवं अन्य केबलें गुजर रही हैं। शनिवार दोपहर अचानक ही विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते तारों ने आग पकड़ ली। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने से सभी केबिलें जल गईं। घटना के दौरान वहां से होकर गुजर रहे वाहन चालक भी पीछे ही रुक गए। सूचना मिलने पर विद्युत अधिकारियों ने आपूर्ति को बाधित कर दमकल की मदद से आग पर काबू पाया। विद्युत उपखंड अधिकारी हरि सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। आग को बुझा दिया गया था। अभी केबिल बदलने का काम जारी है।