शॉर्ट सर्किट से चूड़ी के गोदाम में लगी आग। वीडियो ग्रैव
- फोटो : शॉर्ट सर्किट से चूड़ी के गोदाम में लगी आग। वीडियो ग्रैव
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ के कोहिनूर रोड नूर नगर में शॉर्ट सर्किट से एक गोदाम में भीषण आग लग गई। जिससे अफरा- तफरी का माहौल पैदा हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। सूचना पर इलाका पुलिस पहुंच गई।
कोहिनूर रोड नूर नगर गली नं. 37 निवासी अब्दुल जब्बार का मोहल्ले में ही चूड़ी का गोदाम है। जहां रविवार को रात एक बजे तक कारीगरों ने काम खत्म करने के बाद दूसरी मंजिल पर आराम करने पहुंच गए। वहां देररात ढाई बजे अचानक तीसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस दौरान किसी वस्तु के फटने की तेज आवाज होते ही कारीगरों की आंख खुल गई। आग देखते ही कारीगरों के पैरों तले जमीन खिसक गई। जानकारी होते ही आसपास के लोग अपने घरों से निकल आए। वहीं, कारीगरों के जानकारी देते ही गोदाम मालिक अब्दुल जब्बार भी पहुंच गए, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। गोदाम पर मौजूद अग्निशमन सिलिंडर से आग बुझाने का प्रयास किया गया। लोगों ने आग बुझाने को काफी पानी फेंका। अग्निशमन कर्मियों के पहुंचते ही कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मालिक अब्दुल जब्बार ने बताया कि आग लगने से 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के चलते एक चूड़ी के गोदाम में आग लग गई थी। अग्निशमन कर्मियों के पहुंचते ही आग पर काबू पा लिया गया था।