सिरसागंज। हाइवे पर कार में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी
सिरसागंज (फिरोजाबाद)। सिरसागंज थाना क्षेत्र के सोथरा रोड फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी का माहौल हो गया जब चलती कार में अचानक आग की लपटें उठने लगी। कार में बैठे लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। सिरसागंज के नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को दोपहर करीब 2 बजे आगरा से इटावा की ओर जा रही कार में अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में कार से आग की लपटें उठने लगीं। कार में मौजूद लोग समय रहते कार से कूद गए जिससे उनकी जान बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत ही घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गयी और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग लगने की असली वजह क्या थी, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के चलते कार में आग लग सकती है।संवाद