फिरोजाबाद। आगरा के युवक से एक चिकित्सक ने अपने अस्पताल में मेडिकल स्टोर के लिए जगह देने के नाम पर धोखाधड़ी कर रकम वसूली है। युवक ने रकम वापस मांगने पर गाली- गलौज कर मारपीट करने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर उत्तर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमला नगर आगरा निवासी हर्षित अग्रवाल ने आरोप लगाया है वह प्रिक्सोर फार्मा, कमला नगर, आगरा का पार्टनर है। उसके पास डॉ. पंकज कुमार यादव निवासी नगला भाव सिंह थाना मटसैना, जो कि प्रेम हाॅस्पिटल, गोपाल आश्रम के मैनेजिंग डॉ.रेक्टर हैं। वह कुछ समय पूर्व आए थे। बताया था कि प्रेम हास्पिटल में एक दुकान खाली है, उसे लेकर मेडिकल स्टोर खोल सकते हो। डॉ. पंकज यादव ने दुकान के लिए 10 लाख रुपये की मांग की। चिकित्सक के आश्वस्त करने पर 10 लाख रुपये देने को राजी हो गया। आरोप है कि डॉ. पंकज यादव को अपनी कंपनी के दो बैंक खाताें से दो बार में पांच-पांच लाख रुपये के चेक दिए। इसके बाद दुकान की मांग की तो डॉ. पंकज यादव ने टाल-मटोल करने लगे। दबाव बनाने पर डॉ. ने दुकान न देकर पैसे वापस करने की बात कही। धनराशि की मांग करने पर डॉ. पंकज यादव आग बबूला होकर गाली गलौज करते हुए जान से मारने व फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी देने लगे। 25 अक्तूबर को पुनः प्रेम हास्पिटल जाकर धनराशि की मांग करने पर डॉ. पंकज यादव ने गाली गलौज व मारपीट करते धक्के देकर भगा दिया। मामले में एसएसपी कार्यालय में शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद कोर्ट में अर्जी दाखिल की। इंस्पेक्टर थाना उत्तर अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।