शिकोहाबाद के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित शान्वी हॉस्पिटल में तो अग्निशमन की कोई व्यवस्था स्थापित ही नहीं पाई गई, जिस पर टीम ने संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए तुरंत सिस्टम लगाने को कहा।
फिरोजाबाद जिले में संचालित होटलों, अस्पतालों, स्कूलों और कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा जांच के लिए सोमवार को भी अग्निशमन विभाग की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान चार अस्पताल में अग्निसुरक्षा के इंतजाम शून्य मिले। इसके अलावा एक कोचिंग सेंटर बेसमेंट में संचालित मिला, जिससे तत्काल बंद कराया गया।
विज्ञापन
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शिकोहाबाद के मुस्तफाबाद रोड पर संचालित एसडी लाइब्रेरी में बड़ी लापरवाही सामने आई। यह लाइब्रेरी नियमों को ताक पर रखकर बेसमेंट में चलाई जा रही थी, जहां आपातकालीन निकास की उचित व्यवस्था नहीं थी। अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रबंधक को इस बेसमेंट लाइब्रेरी को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए हैं।
जांच के दौरान जहां कई अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं, वहीं कुछ बड़े अस्पतालों की पोल भी खुल गई। शिकोहाबाद के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित शान्वी हॉस्पिटल में तो अग्निशमन की कोई व्यवस्था स्थापित ही नहीं पाई गई, जिस पर संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए तुरंत सिस्टम लगाने को कहा गया। इसके अलावा टूंडला के केएस चैरिटेबल हॉस्पिटल, शिकोहाबाद के राधे गोविंद हॉस्पिटल और आरके फोर्टिस में फायर सेफ्टी उपकरण तो लगे थे, लेकिन वे अकार्यशील (खराब) दशा में धूल फांक रहे थे। इन सभी के स्वामियों को चेतावनी देते हुए सिस्टम को तुरंत चालू करने की हिदायत दी गई है।