संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव कटीनर के पास शनिवार सुबह जंगल में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
शनिवार सुबह के समय ग्रामीणों ने जंगल से धुआं उठते देखा। देखते ही देखते आग ने आसपास के सूखे पत्तों और झाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही देर में आग को फैलने से रोक दिया। वहीं, दूसरी तरफ मटसैना क्षेत्र के जैंदामई इलाके में एक घर में आग लगने से खलबली मच गई। घर से धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पानी व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों की सतर्कता से फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया।