संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना मटसैना क्षेत्र के गांव आलमपुर आनंदीपुर में बुधवार को ट्रांसफार्मर में हुए फॉल्ट से हाई-वोल्टेज करंट घरों तक पहुंच गया, जिसकी चपेट में आकर एक किशोरी अचेत हो गई और दर्जनों घरों के कीमती विद्युत उपकरण खराब हो गए।
गांव निवासी करीना (16) बुधवार को अपने कमरे में सफाई कर रही थी। इसी दौरान गांव के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण अचानक फॉल्ट हुआ और करंट दीवार व फर्श के जरिए घर में फैल गया। करंट की चपेट में आते ही करीना चीख मारकर अचेत हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर लिया गया है। किशोरी के मौसेरे भाई रामशंकर ठेकेदार ने विद्युत विभाग पर जर्जर व्यवस्था का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इस फॉल्ट के कारण पूरी गली के घरों में करंट दौड़ गया, जिससे टीवी, फ्रिज, पंखे और इनवर्टर जैसे उपकरण फुंक गए हैं। ग्रामीणों ने विभाग से नुकसान के मुआवजे और लाइन दुरुस्त करने की मांग की है। संवाद
पत्नी से विवाद के बाद युवक ने गर्दन पर चलाया चाकू, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के सैलई में मंगलवार शाम एक युवक ने घरेलू कलह के चलते आत्मघाती कदम उठा लिया। सैलई निवासी अंशुल (21) का मंगलवार शाम अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि अंशुल ने पास में रखा चाकू उठा लिया और अपनी गर्दन पर मार लिया। पति को खून से लथपथ देख पत्नी के होश उड़ गए और उसने शोर मचाया।
परिजन तुरंत घायल अंशुल को लेकर जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचे। चिकित्सकों ने बताया कि घाव गहरा नहीं था, जिसके चलते प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। संवाद