फिरोजाबाद। उत्तर थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी स्थित मिठाई की दुकान के सामने रविवार शाम को बाइक पार्किंग के विवाद में मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के संबंध में केस दर्ज न होने पर पीड़ित ने मंगलवार को एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्रीराम कॉलोनी निवासी ममता देवी ने तहरीर में कहा कि 21 सितंबर की शाम चार बजे उनके पति सतीश चंद्र अपने बड़े भाई भगवान सिंह, नाबालिग बेटे ललित और भतीजे शिवम के साथ दुकान पर मौजूद थे। तभी रविंद्र सिंह, प्रहलाद निवासी श्रीराम कॉलोनी, अजय, हरेंद्र, शेर सिंह, नीरज सिंह और अमन निवासी आकलाबाद हसनपुर, मटसेना दुकान पर आ धमके। दुकान के सामने ग्राहक ने मोटरसाइकिल खड़ी की थी। इसी बात को लेकर आरोपियों ने गालियां देकर झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि लाठी-डंडों से सतीश चंद्र पर हमला कर दिया गया। दुकान में तोड़फोड़ कर जेब में रखे 62 सौ रुपये भी निकाल लिए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इंस्पेक्टर संजुल पांडेय ने बताया कि दुकान के बाहर गंदगी फैलाने को लेकर पड़ोसी से विवाद है। केस दर्ज कर जांच की जा रही है।