शिकोहाबाद। हरियाणा से इलाहाबाद जा रहा एलपीजी गैस का टैंकर बुधवार सुबह प्रतापपुर चौराहा के पास सर्विस लेन पर विद्युत पोल से टकरा कर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें से गैस का रिसाव होने लगा। इससे हड़कंप मच गया। आसपास के घरों में बिजली और गैस चूल्हा जलाने से मना कर दिया गया। दस घंटे बाद टैंकर को आगरा से बुलाई गई क्रेन की मदद से खड़ा किया जा सका। इस दौरान हाईवे पर ट्रैफिक बाधित रहा।
प्याला प्लांट (हरियाणा) से एलपीजी गैस से भरा टैंकर लेकर चालक शमशुल पुत्र मनोहर हुसैन इलाहाबाद के लिए चला था। बुधवार सुबह करीब चार बजे वह आगरा-कानपुर हाईवे पर पहुंचा तभी उसकी झपकी लग गई। इससे टैंकर असंतुलित होकर हाईवे किनारे सर्विस रोड पर प्रतापपुर चौराहे के पास स्थिति शांति निकेतन पब्लिक के सामने बिजली के खंभे से टकराते हुए पलट गया। तेज आवास के साथ आसपास के घरों में सो हरे लोग जाग गए। चालक ने घटना की जानकारी मालिक को दी। इस बीच टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस आ गई। आग लगने की आशंका पर फायर बिग्रेड की गाड़ियां पहुंच गईं। फीरोजाबाद से भी दमकल को बुलाया गया। एसडीएम रवींद्र कुमार ने दमकलों से गैस टैंकर पर पानी डलवाना शुरू कर दिया जिससे वह ठंडा रहे सके। भीड़ और ट्र्रैफिक को बेरीकेडिंग लगा कर पुलिस ने रोक दिया। आसपास के घरों में रहने वालों को खाना बनाने तक के लिए मना कर दिया। उन्हें किसी भी ज्वलनशील पदार्थ को न जलाने की हिदायत दी गई। इसके बाद दो क्रेनों को बुलाकर टैंकर को सीधा करने का प्रयास किया गया लेकिन 15 टन की क्रेनें टैंकर को उठाने में नाकाम रहीं। इसके बाद आगरा से 50 टन वाली क्रेनें बुलाई गईं जो यहां दोपहर डेढ़ बजे तक पहुंचीं। इसके बाद टैंकर को सीधा किया तो उससे गैस का रिसाव तेज हो गया। मथुरा व हाथरस से आए भारत गैस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद गैस लीकेज को रोका। दोपहर बाद एक अन्य टैंकर से बांधकर गैस रिसाव वाले टैंकर को ले जाया गया। भारत गैस के एरिया के मैनेजर मनोज कुमार, प्लांट मैनेजर सलेमपुर, हाथरस के निर्मल चक्रवर्ती, आर्यन गैस सर्विस के सुनील यादव और कर्मचारी मौजूद थे। कांट्रेक्टर रवी गोवा पुत्र हरिवंश लाल गोवा निवासी श्रीनगर दिल्ली के विरुद्ध सूचना के बाद भी मौके पर न आकर लोगों के जीवन को खतरे में डालने, यातायात बाधित होने, लापरवाही बरतने की एसडीएम रवींद्र कुमार द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।