फीरोजाबाद। भीषण गर्मी के मौसम में शहर से लेकर देहात तक पेयजल संकट को लेकर हाहाकार मचा हुआ है लेकिन जनता की प्यास बुझाने का इंतजाम जलनिगम के पास नहीं है। 450 हैंडपंप रीबोर होने थे। शासन को प्रस्ताव भेजा लेकिन बजट ही नहीं मिला है।
शासन द्वारा जलनिगम को जनपद के सभी नौ ब्लाकों में पेयजल संकट को देखते हुए 50- 50 हैंडपंप रीबोर कराने के निर्देश दिए थे, यह भी कहा था कि विधायकों की संस्तुति जरूरी होगी। जनपद में 450 हैंडपंप रीबोर कराने का आदेश दिए पूरा एक माह गुजर गया लेकिन शासन द्वारा अभी तक धनराशि नहीं दिए जाने से जलनिगम द्वारा कोई काम नहीं किया गया। डा. राम मनोहर लोहिया समग्र विकास योजनांतर्गत शासन द्वारा जलनिगम को 475 हैंडपंप रीबोर करने का लक्ष्य दिया था। जलनिगम द्वारा करीब तीन करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा लेकिन शासन ने बजट नहीं दिया।
जलनिगम सूत्रों का कहना है कि शासन द्वारा लक्ष्य देने के साथ ही बजट जारी कर दिया जाता तो जनता को गर्मियों के मौसम में पेयजल संकट से थोड़ी बहुत राहत तो मिल ही जाती। पैसा न होने के कारण कोई कार्य प्रारंभ नहीं सका है।