शिकोहाबाद (ब्यूरो)। शिकोहाबाद से लापता शिक्षामित्र ग्यारह दिन बाद वापस आ गया। साहसी ग्रामीणों के दबाव के आगे बदमाशों को छोड़कर भागना पड़ा। सूचना पर युवक को शिकोहाबाद पुलिस अपने साथ ले गई।
ग्राम मोहिनीपुर निवासी गोपीचंद्र का पुत्र योगेश शिक्षामित्र है। वह विशिष्ट बीटीसी की परीक्षा देने 29 मई को टूंडला के राजकीय इंटर कालेज गया था। परीक्षा के बाद से ही वह वापस घर नहीं आया। उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग न मिलने पर तीन दिन पूर्व गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। बदमाश उसे लेकर शनिवार देर रात लगभग 11 बजे निधौलीकलां क्षेत्र के होरची गांव की तरफ लेकर जा रहे थे। उसी दौरान वहां से एक बाइक सवार गुजरा। बाइक की रोशनी देख बदमाशों में हड़कंप मच गया। तभी अपह्त युवक उनके चंगुल से छूटकर खेतों की तरफ चिल्लाता हुआ भागने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण उसकी ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। ग्रामीणों ने भी लाइसेंसी असलाहों से फायरिंग की। बदमाश वहां से भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
थानाध्यक्ष निधौलीकलां ने बताया कि सूचना पर रात में ही आई शिकोहाबाद थाना पुलिस उसे अपने साथ ले गई। शिकोहाबाद पुलिस के अनुसार इसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शिक्षामित्र अभी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है।