फीरोजाबाद। जिले की 804 छात्राओं को कन्या विद्याधन का चेक वितरण मंगलवार को तिलक इंटर कालेज में किया गया। कुल 877 छात्राओं को चेक दिए जाने थे, लेकिन 73 अनुपस्थित रहीं। प्रदेश के उद्यान मंत्री राजकिशोर ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों बताईं।
मुख्य अतिथि उद्यान मंत्री राज किशोर ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा युवाओं को सरकार ने बेरोजगारी भत्ता, कन्या विद्याधन दिया। हमारी बेटी उसका कल आदि योजनाओं का लाभ दिया रहा है। इसके साथ ही किसानों से किया हर वादा पूरा किया है। बृजराज सिंह की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, गणेश वंदना की। कार्यक्रम में डीआईओएस रवींद्र सिंह ने कहा कि अभी इसके बाद भी छात्राओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। शासन ने 1500 से अधिक छात्राओं का बजट स्वीकृत किया है। विधायक हरिओम यादव ने कहा कि सरकार ने बेटियों की पढ़ाई के लिए ही यह योजना चलाई है।
डीएम एसवीएस रंगाराव ने कहा कि शासन ने 1629 छात्राओं का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभी तक 9231 आवेदन मिले हैं। जिसे भी यह पैसा मिले, वह पढ़ाई में खर्च करें। जिलाध्यक्ष अजीम भाई ने कहा कि शिक्षा के रास्ते ही तरक्की की जा सकती है। इस मौके पर विधायक रामवीर यादव, विधायक ओम प्रकाश वर्मा, बीएसए डा. जितेंद्र सिंह यादव, प्रभारी सीडीओ सर्वेश चंद्र यादव, एमडीएम प्रमोद शर्मा, महानगर अध्यक्ष हिक्मत उल्ला खां आदि मौजूद थे।
छात्राओं की बहनों को नहीं मिली एंट्री
फीरोजाबाद, (ब्यूरो)। चेक लेने के दौरान छात्राओं के साथ एक अभिभावक को अंदर जाने की अनुमति थी। कार्यक्रम में कई छात्राएं अपनी बड़ी बहन के साथ आईं लेकिन अधिकारियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। अधिकारियों को आशंका थी कि कहीं इनमें से कोई ऐसी छात्रा न हो जो चेक न मिलने के कारण बखेड़ा खड़ा कर दे।
अलाव जले लेकिन अधिकारियों के लिए
फीरोजाबाद, (ब्यूरो)। पंडाल में एक जगह अलाव की व्यवस्था भी कराई गई थी। अलाव को छात्राओं के लिए नहीं रखा गया था। यहां अधिकारी एवं कर्मचारी अपने हाथ सेंक रहे थे। इसके बाद रही सही कसर पुलिस कर्मियों ने पूरी कर दी। पुलिसकर्मी भी अलाव के पास झुंड बना कर खड़े रहे। जिनके लिए अलाव का बंदोबस्त किया गया था। उनको अलाव का फायदा नहीं मिला।
छात्रों को मिले 20 हजार रुपये
फीरोजाबाद, (ब्यूरो)। चेक वितरण से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। सरस्वती वंदना, गणेश वंदना के बाद आजादी के गीत पर मंत्री राजकिशोर ने छात्रों को हर गीत पर 5 हजार का नगद इनाम दिया। तीन गीतों पर मंत्री जी ने 15 हजार जबकि आखिरी गीत पर सपा जिलाध्यक्ष ने 5000 रुपये का छात्रों को इनाम दिया।
ठिठुरती रहीं छात्राएं, एक की तबीयत बिगड़ी
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। सुबह आठ बजे करीब 500 से ऊपर छात्राएं व उनके अभिभावक सर्दी में ठिठुरते रहे। जबकि मंत्री 1 बजकर 17 मिनट पर पहुंचे। वहीं सोमवार को निरीक्षण के दौरान डीएम ने डीआईओएस से खाने से पहले नाश्ता देने का आदेश दिया था, लेकिन छात्राओं को विभाग ने नाश्ता न देकर करीब 12 बजे लंच पैकेट बांट दिया। कई छात्राओं ने तो खाना देखकर लंच पैकेट लेने से मना कर दिया। सुबह आठ बजे से कुर्सी पर बैठी कुमारी दिनेश की हालत बिगड़ गई।
सिर्फ अभिभावकों को ही मिला प्रवेश
कालेज के बाहरी गेट पर पुलिसकर्मी परिचय पत्र देखकर प्रवेश दे रहे थे। वहीं ग्राउंड में लगी बैरीकेडिंग पर भी विभागीय स्टाफ के साथ पुलिसकर्मियों को लगा दिया था। प्रत्येक छात्रा के साथ आने वाले उसके माता या पिता को प्रवेश दिया जा रहा था, लेकिन जो अपनी बहन के साथ आई उनको बाहर ही रोक दिया गया। पुलिसकर्मी हों या फिर डीआईओएस कार्यालय का स्टाफ यही कह रहा था कि डीएम साहब के आदेश हैं उनसे लिखवाकर लाओगे तभी प्रवेश मिलेगा।
73 छात्राएं रहीं अनुपस्थित
चेक वितरण के दौरान 73 छात्राएं अनुपस्थित रहीं। डीआईओएस रवींद्र सिंह ने कहा कि जिन छात्राओं का नाम पहली सूची में था। वह किसी कारणवश चेक लेने नहीं आ सकी हैं। किसी भी कार्यदिवस में चेक कार्यालय से प्राप्त कर सकती हैं।
चेक में निकली खामियां
कई छात्राओं के चेक में गलतियां पाई गईं। किसी छात्रा का नाम गलत था तो किसी को एकाउंट नंबर गलत था। एमजी कालेज की एक छात्रा चेक मिलने के बाद रो पड़ी। छात्रा प्रियंकल का कहना था कि चेक में उसके नाम की स्पेलिंग गलत लिखी है। जबकि नारखी से आई कुमारी शीलेश को शैलेष बना दिया गया। वहीं जसराना से आई अनीता को सुनीता बना दिया गया। चेक देख छात्राओं ने इसकी शिकायत डीआईओएस से की। डीआईओएस का कहना था कि जिन छात्राओं के चेक में गलती है वह कार्यालय में आकर मिलें।