टूंडला। फीरोजाबाद हाइवे पर तस्करी के लिए ले जाए जा रहे कछुओं को थाना पुलिस ने बरामद किया है। स्कोडा गाड़ी से ले जाए जा रहे कछुओं सहित एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस भागे तस्करों की तलाश कर रही है।
राजा का ताल चौकी प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की एक स्कोडा गाड़ी से भारी संख्या में कछुओं को तस्करी के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा है। मुखबिर की इस सूचना पर पुलिस ने बतायी गयी गाड़ी को पकड़ने के लिए चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक ढाबे पर पहुंची स्कोडा गाड़ी नंबर डीएल 9सीक्यू 6252 के रुकते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी। इस बीच गाड़ी में सवार दो युवक भाग खडे़ हुए वहीं एक को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें भारी भरकम 26 कछुए मिले। पुलिस को पकड़े गये युवक ने अपना नाम संदीप निवासी मदरगेट डीई-प्रथम, 185 अंबेडकरनगर दिल्ली बताया है। उसने बताया कि यहां के तालाबों व यमुना से पकड़े गये क छुओं को दिल्ली ले जाया जा रहा था। इससे पूर्व भी इस तरह कछुओं को ले जाया जाता रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार युवक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए भागे अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी है।