फीरोजाबाद। विद्युत केबिल डालने को लेकर हुए विवाद ने सोमवार को दबंगों ने दलितों पर हमला बोल दिया। घरों में घुसकर जो मिला उसी को पीटा, एक गर्भवती महिला की भी जमकर पिटाई की गई। तोड़फोड़ करने के साथ आरोपी मौके से फरार हो गए। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घटनाक्रम थाना दक्षिण क्षेत्र के गांव नगला फूलवाड़ी क्षेत्र का है। रविवार शाम को विद्युत केबिल डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस विवाद को पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शांत करा दिया और एक युवक को हिरासत में ले लिया था। सोमवार सुबह नगला फूलवाड़ी के लोग अपनी दिनचर्या में मशगूल थे। तभी मुस्तफाबाद के कुछ युवकों ने गांव पर धावा बोल दिया। दबंगों को गांव में जो भी मिला उसके साथ मारपीट की गई। घर का दरवाजा बंद करते समय दबंगों ने रिंकी पत्नी सेटू को मारपीट करके घायल कर दिया।
दबंगों ने कई घरों के अंदर जमकर तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान इलाका पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस को देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस घायल महिला को जिला अस्पताल लेकर आई। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर आरोेपियों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।