फिरोजाबाद। आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान बुजुर्ग मतदाताओं को वोट डालने को अब बूथ तक दौड़ नहीं लगानी होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने कर्मचारियों की तरह 85 वर्ष से अधिक आयु के वोटरों का पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कराए जाने का निर्णय लिया है। जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु के वोटरों की संख्या 9053 के करीब है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि 85 वर्ष से अधिक आयु के वोटरों को मतदान करने को पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए बुजुर्ग वोटरों को स्वेच्छा से पोस्टल बैलेट के माध्यम से निवास स्थान पर मतदान करने हेतु निर्धारित फॉर्म-12डी में आवेदन कर अपने निवास स्थान पर मताधिकार का उपयोग कर सकेंगें। फॉर्म 12 डी को लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पांच दिवस के अंदर संबंधित विधानसभा के क्षेत्र के बीएलओ के द्वारा घर-घर जाकर 85 वर्ष की आयु वर्ग सें ऊपर के मतदाताओं को उपलब्ध कराने के साथ भरा हुआ फॉर्म प्राप्त करने जाएंगे। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि उक्त फॉर्म-12 डी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.eci.gov.in के होम पेज पर MENU के अंतर्गत candidate nomination and other forms के लिंक पर उपलब्ध है। यहां से डाउनलोड करके भरकर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर के कार्यालय में जमा कराया जा सकेगा।
जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता
विधानसभा -मतदाता
टूंडला -1794
जसराना -2768
फिरोजाबाद -1120
शिकोहाबाद -1509
सिरसागंज -1862
कुल - 9053