बिजली गिरने से फरिहा टाउन का फुंका ट्रांसफार्मर
- 200 घर बिजली और पानी को परेशान, गुरुवार को दुरुस्त हो सकेगी बिजली
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजाबाद। मंगलवार की रात में फरिहा टाउन के सबस्टेशन पर स्थापित 400 केवी के ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर फुंक गया।
सोमवार से आंधी व रिमझिम बरसात हो रही है, जिससे जनपद की विद्युत व्यवस्था पटरी से उतर गई है। मंगलवार की रात में करीब दो बजे बिजली गिरने के कारण फरिहा सबस्टेशन पर स्थापित 400 केवी का ट्रांसफार्मर फुंक गया। ट्रांसफार्मर की बॉडी भी फट गई, जिससे ट्रांसफार्मर का सारा ऑयल जमीन पर फैल गया। सूचना पर अवर अभियंता कयामुद्दीन खान ने ट्रांसफार्मर की जांच कराई। ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण फरिहा टाउन के करीब 200 घरों की बत्ती गुल रही। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली न आने से कसबा वासियों पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में अवर अभियंता कयामुद्दीन खान ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर का इंतजाम हो गया है। ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए अभी तक क्रेन नहीं मिली है, अत: गुरुवार सुबह ही ट्रांसफार्मर रखा जा सकेगा।