फिरोजाबाद। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रथम किश्त जारी होने के बाद भी शौचालय निर्माण न करने वालों पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया। नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग व प्रवर्तन दल की टीम को शौचालय निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी है।
शहर को ओडीएफ बनाने के लिए नगर आयुक्त विजय कुमार की ओर से शौचालय निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। प्रथम किश्त लेने के बाद भी जिन लोगों ने अभी तक शौचालय निर्माण नहीं कराया है, ऐसे मामलों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग व प्रदर्शन दल को जिम्मेदारी सौंपी है।
टीम ने वार्ड ककरऊ के मोहल्ला ऐलान नगर व झलकारी नगर में आवेदकों के घर में दस्तक दी। सभी को स्पष्ट निर्देश दिए कि शौचालय निर्माण कराकर जल्द नगर निगम को फोटो उपलब्ध कराएं, जिससे दूसरी किश्त जारी की जा सके। नगर आयुक्त ने चेतावनी दी है कि शौचालय निर्माण न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम में सेनेटरी इंस्पेक्टर अरविंद भारती, प्रवर्तन दल के अशोक प्रसाद, संजय त्यागी, जयंती प्रसाद आदि शामिल रहे।