फिरोजाबाद। सहालग शुरू होने के बाद बाजार में दूध और पनीर की मांग बढ़ गई है। इसका फायदा उठाने के लिए मिलावट करने वाले भी सक्रिय हो गए हैं। थाना दक्षिण पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंथेटिक पनीर बनाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से 600 किलोग्राम सिंथेटिक पनीर, 42,500 रुपये नकद, एक बोलेरो पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और पांच प्लास्टिक के ड्रम बरामद किए हैं। थाना दक्षिण पुलिस को सूचना मिली थी कि सुहागनगर स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय के पास कुछ लोग अवैध रूप से मिलावटी पनीर का कारोबार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से भारी मात्रा में नकली पनीर और उससे जुड़ा अन्य सामान बरामद किया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी कुंवर मनोज कुमार भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। गिरफ्तार लोगों में शैलेंद्र सिंह निवासी सुहागनगर, ईरशाद, आरिफ और तालिम ग्राम खाइका, थाना बहीन, जिला पलवल शामिल हैं।
डेयरी और शादी समारोह में करते थे सप्लाई
पूछताछ में सामने आया है कि ये लोग नकली पनीर का निर्माण कर उसे आसपास के बाजारों में सप्लाई करते थे। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि यह गिरोह काफी समय से इस काम में लिप्त था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर अगली कार्रवाई की जाएगी।
मिलावटी पनीर से होती हैं ये बीमारी
मिलावटी पनीर के प्रयोग से डिहाइड्रेशन, डायरिया और फूड प्वाइजनिंग तक का खतरा रहता है। सीएमएस डॉ. नवीन जैन का कहना है कि जहां तक संभव हो दूध लेकर घर में पनीर बनाकर इस्तेमाल करें।
ऐसे करें पहचान
1- अगर आप असली और नकली पनीर में पहचान करना चाहते हैं। ऐसे में आपको सबसे पहले पनीर को पानी में उबालना होगा। पानी में पनीर को उबालने के बाद उसको बाहर निकालकर ठंडा होने के लिए छोड़ देना है। इसके बाद पनीर जब ठंडा हो जाए। उस पर सोयाबीन या अरहर का पाउडर डालकर छोड़ देना है। अगर यह करने के बाद पनीर का रंग हल्का लाल होता है। ऐसे में पनीर को डिटर्जेंट या यूरिया की मदद से बनाया गया है।
2- असली पनीर का पता उसकी खुशबू की मदद से भी लगाया जा सकता है। नकली पनीर में किसी भी तरह की कोई खुशबू नहीं आती है। वहीं असली पनीर में दूध जैसी खुशबू आती है।
3- इसके अलावा असली और नकली पनीर के बारे में पहचान उसको उंगलियों से मसलकर भी की जा सकती है। अगर पनीर मसलने के बाद टूटकर गिर रहा है। ऐसे में इस बात की संभावना है कि पनीर नकली है।