टूंडला में बरामद बच्ची को उसकी मां को सौंपती जीआरपी व आरपीएफपुलिस
- फोटो : टूंडला में बरामद बच्ची को उसकी मां को सौंपती जीआरपी व आरपीएफ पुलिस
टूंडला। अलीगढ़ जंक्शन पर रविवार को एक महिला की 6 महीने की बच्ची चलती ट्रेन में एक अनजान महिला के पास छूट गई और वह स्वयं प्लेटफार्म पर रह गई। हालांकि, अलीगढ़ और टूंडला जीआरपी की सूझबूझ और तालमेल से बच्ची को सकुशल टूंडला स्टेशन पर उतार लिया गया।
अलीगढ़ के थाना अकराबाद निवासी रोजीना अपनी छह माह की बेटी आफिया के साथ कोलकाता जाने के लिए अलीगढ़ जंक्शन पर पूर्वा एक्सप्रेस का इंतजार कर रही थीं। जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म पर आई, रोजीना ने अपना भारी सामान डिब्बे के अंदर रखने के लिए पास खड़ी एक अन्य महिला यात्री को अपनी बच्ची पकड़ा दी। अभी रोजीना अपना सामान लेकर ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर ही रही थीं कि अचानक ट्रेन चलने लगी। रोजीना प्लेटफार्म पर ही छूट गईं, जबकि उनकी मासूम बेटी उक्त महिला के पास ट्रेन के भीतर चली गई। बदहवास मां ने तत्काल जीआरपी को सूचना दी। अलीगढ़ जीआरपी ने तुरंत टूंडला जीआरपी प्रभारी मोनू आर्य को अलर्ट किया। टूंडला में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने पूर्वा एक्सप्रेस के टूंडला स्टेशन पर पहुंचते ही कोच संख्या एस-1 से महिला के पास से बच्ची को उतार लिया। रोजीना संगम एक्सप्रेस से टूंडला स्टेशन पहुंचीं। अपनी छह माह की आफिया को दोबारा गोद में पाकर रोजीना के खुशी के आंसू छलक पड़े।