फिरोजाबाद। कांचनगरी की पांच तहसील और नौ निकाय के प्रमुख 56 मंदिरों की सूरत दिव्य और भव्य बनेगी। यमुना किनारे बीहड़ क्षेत्र में पड़ने वाले मंदिर के लिए बेहतर सड़क मार्ग बनेगा।
वहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर कई जरूरी इंतजाम होंगे। ऐसे में धर्मार्थ योजना के तहत जब ये सड़कें संवरेंगी तो यहां के लोगों को भी सहूलियत होगी। पर्यटन विभाग तीन-चार दशक पुराने मंदिरों व देवालयों का कायाकल्प कराएगा।
पांच तहसील और नौ निकायों में 30 से 40 पुराने प्रमुख मंदिरों, देवालयों, ऋषि आश्रम आदि के कायाकल्प के लिए जरूरी तैयारी की जा रही है। जिले के पर्यटन विभाग ने निकायों और तहसील प्रशासन से प्रमुख मंदिरों व लोगों के अत्याधिक आवागमन वाले स्थलों का ब्योरा मांगा है।
इन सभी चिह्नित स्थलों पर अवस्थापना सुविधा से जुड़े विकास कार्यों को कराया जाएगा। प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में इस आशय के निर्देश जारी किए थे।