फिरोजाबाद। डेढ़ माह की गर्मियों की छुटि्टयां से भी शिक्षकों का मन नहीं भर सका है। बीते 15 दिनों में जनपद के परिषदीय स्कूलों में तैनात गुरुजी 51 शिक्षक गैर हाजिर मिले हैं। इन सभी शिक्षकों के खिलाफ बीएसए ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण असंतुष्ट होने पर बीएसए ने वेतन रोकने की चेतावनी जारी की है।ग्रीष्मकालीन अवकाश का आनंद लेने के बाद भी कई शिक्षक अभी भी स्कूल पहुंचने से परहेज कर रहे हैं। सख्ती के बाद भी गुरुजी के गैर हाजिर मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी आशीष पांडेय, एबीएसए और टास्क फोर्स समिति में शामिल अन्य अधिकारियों ने एक जुलाई से 15 जुलाई तक विद्यालयों का निरीक्षण किया था। 15 दिनों में 51 शिक्षक गैर हाजिर मिले। प्रेरणा पोर्टल पर यह निरीक्षण रिपोर्ट अधिकारियों द्वारा अपडेट किए गए थे। शासन से रिपोर्ट आने के बाद बीएसए ने इन शिक्षकों के वेतन काटने की कार्रवाई की है। अरांव का धातरी विद्यालय तो बंद मिला था। यहां तैनात तीन शिक्षकों को नोटिस जारी किए हैं।
बीएसए आशीष पांडेय ने बताया कि विद्यालयों के निरीक्षण कराए जा रहे हैं। 15 दिन में 51 लोग गैर हाजिर मिले हैं। इनको नोटिस जारी कर दिया है। स्पष्टीकरण संतुष्ट न होने पर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।