फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में कैंटर बेचने के नाम पर आरोपियों ने 3.62 लाख रुपये हड़प लिए। रकम वापस मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कोर्ट के आदेश पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
हिमांयुपुर निवासी संदीप ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि आदेश कुमार निवासी ग्राम सलेमपुर खेड़िया थाना मलावन जिला एटा से एक कैंटर खरीदने का सौदा आठ लाख रुपये में तय किया था। इसके बाद आरोपी कई बार में अपने, बेटे, कैंटर के लोन की किश्त, दोस्तों के खाते में आनलाइन और नकद के रूप में कुल 3.62 लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद भी वह न तो कैंटर दे रहा है और न ही रकम वापस कर रहा है। इतना ही नहीं आरोपी ने हाकिम सिंह, राहुल, विपिन, सतीश, अनिल , हरवीर, और भांजे सतीश के साथ 23 जनवरी 2025 को पीड़ित के घर पर चढ़कर रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।