हजार व पांच सौ के पुराने नोट से बिल जमा कराने को एक ओर उपभोक्ताओें की काउंटरों पर भीड़भाड़ रही। वहीं विद्युत विभाग के एक्सईएन, एसडीओ व जेई कटे कनेक्शन को देखने के लिए क्षेत्र में दौड़ते नजर आए। बड़े बकाएदारों को जल्द बिल जमा कराने की हिदायत भी दी।
ज्ञात रहे 24 नवंबर तक पुराने नोट से बिल व टैक्स जमा कराने की सहूलियत दी गई। अत: गुरुवार को सुबह से ही कैश काउंटरों पर बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं की भीड़भाड़ नजर आई। इधर बड़े बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एक्सईएन चंद्रशेखर आजाद, वीके वर्मा के साथ एसडीओ व जेई, सुहाग नगर, रसूलपुर, आसफाबाद, हनुमान गढ़ सहित अन्य मोहल्लों में दौड़ते दिखे। अफसरों ने बकाए पर काटे गए कनेक्शन चेक किए।
प्रथम डिवीजन के अंतर्गत 35 लाख के बकाए पर 150 कनेक्शन काटे गए। 68 लाख राजस्व वसूला गया। द्वितीय डिवीजन के तहत 60 डिसकनेक्शन किए गए तथा 45 लाख राजस्व वसूला गया। ग्रामीण डिवीजन के अंतर्गत 12 लाख के बकाए पर 67 कनेक्शन काटे गए। ग्रामीण डिवीजन द्वारा 73 लाख, शिकोहाबाद डिवीजन द्वारा 92 लाख तथा सिरसागंज डिवीजन द्वारा 60 लाख राजस्व वसूला गया।
अब 30 तक जमा करा सकेंगे बिल व टैक्स
केंद्र सरकार ने हजार व पांच सौ के पुराने नोट चलाने की समय सीमा बढ़ाकर 30 नवंबर तक कर दी है। समय सीमा बढ़ने के बाद अब विद्युत विभाग व नगर निगम के बकाएदार पुराने नोट से अपना बिल व टैक्स करा सकते हैं। एसई वाईपी सिंह ने बकाएदारों से अपील की है कि पुराने नोट से बकाया बिल जमाकर परेशानी से बचें। इसके उपरांत बड़े स्तर पर आरसी जारी की जाएंगी।