फिरोजाबाद। पंचायत चुनाव से ठीक पहले जिले की 564 ग्राम पंचायतों को 19 करोड़ 83 लाख से अधिक की धनराशि जारी की गई है। इस धनराशि से ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन एवं दिव्यांग शौचालय के साथ-साथ ऑपरेशन कायाकल्प के तहत स्कूल में सुधार के कार्य कराएं जाएंगे। इस धनराशि को प्रभारी ग्राम प्रधान एवं सचिव की देखरेख में खर्च किया जाएगा। जिला स्तर से इसकी निगरानी भी होगी।
प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायतों के विकास के लिए अंतिम किश्त जारी कर दी गई है। शासन की ओर से पांचवां वित्त से जिले की 564 ग्राम पंचायतों को एक करोड़ 66 लाख 12976 रुपये जारी किया गया है। जबकि पंद्रहवें वित्त से जिले की ग्राम पंचायतों को 18 करोड़ 17 लाख 59649 रुपये जारी किया है। पंचायतीराज विभाग के सूत्रों के अनुसार धनराशि को सीधे ग्राम पंचायतों के बैंक एकाउंट में भेजा गया है।
ग्राम प्रधानों का कार्यभार एडीओ पंचायत तथा पंचायत सचिवों पर होने के कारण इस धनराशि को इनके निर्देशन में खर्च की जाएगी। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले की सभी 564 ग्राम पंचायतों को अंतिम किश्त के रूप में करीब 19 करोड़ 83 लाख से अधिक धनराशि विकास कार्यों के लिए जारी की है। इस धनराशि से विकास के कार्यों को गति मिलेगी। धनराशि का दुरुपयोग नहीं होने पाए इसके कारण पूरी निगरानी शासन स्तर से होगी।