फिरोजाबाद। वोटर पर्ची की तर्ज पर स्वास्थ्य विभाग अब घर-घर जाकर टीकाकरण के लिए पर्ची वितरित करेगा। जिससे लोगों को टीकाकरण की जानकारी हो सके और वह सेंटर पर जाकर बच्चों व गर्भवती के टीके लगवा सकें। आशाएं बुलावा पर्ची को बांटेंगी और टीकाकरण के लिए कहेंगी।
शत प्रतिशत टीके का लक्ष्य पूरा करने और लोगों को टीकाकरण की जानकारी हो सके, इसलिए इस बार घर-घर जाकर पर्ची वितरित कराई जाएगी। ताकि समय से लोग गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण करा सकें। टीकाकरण से दो दिन पूर्व आशा बहुएं घर-घर जाकर पर्ची पहुंचाएंगी। पर्ची पर संबंधित टीके के बारे बताया जाएगा कि कौन-कौन से टीके लग गए हैं और कौन से लगने को हैं।
75 हजार गर्भवती, 70 हजार शिशुओं को लगेगा टीका
फिरोजाबाद। जिले में इस बार 75 हजार गर्भवती और 70 हजार बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है। माह में प्रत्येक बुधवार और शनिवार को टीकाकरण कराया जाएगा। जिला अस्पताल के अलावा, सीएचसी, पीएचसी और उप स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण किया जाएगा।
जानकारी के अभाव में लोग टीकाकरण से वंचित रह जाते हैं। जानकारी देने के उद्देश्य से शासन के आदेश पर इस बार घर-घर पर्ची भिजवाई जाएगी।
- डा. एके श्रीवास्तव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी