कानपुर देहात में भीषण सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
जसराना/शिकोहाबाद (फिराेजाबाद)। थाना जसराना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। शिकोहाबाद में साइकिल सवार साधु को एटा रोड एफसीआई गोदाम के पास बेकाबू ट्रैक्टर ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जसराना के गांव आलीपुर मोहिनीपुर निवासी राजू अपने भाई योगेंद्र के साथ बाइक से जा रहा था। जसराना मुस्तफाबाद मार्ग के गांव पलिया कलां के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में बाइक आने से राजू की मौत हो गई जबकि योगेंद्र गंभीर रुप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया जहां हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। वहीं दूसरी घटना अरांव रोड पर हुई। अतुर्रा निवासी दीपक व अनिल बाइक से कहीं जा रहे थे।
सामने आवारा जानवर आने से बाइक फिसल गई। दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। शिकोहाबाद में एटा रोड स्थित बंशीनगर निवासी रामऔतार (65) साधु लौट रहे थे तभी एफसीआई गोदाम के पास पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद दिया।
जिससे वह घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर भाग गया। थाना पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर आई, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।