उर्दू नगर की जनता ने निगम में किया हंगामा, नारेबाजी
एक माह से मिट्टी भराव कार्य न कराने से भड़का आक्रोश
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजाबाद। उर्दू नगर में मिट्टी भराव कार्य के लिए वाहन न भेजने पर क्षेत्र की आक्रोशित जनता ने सोमवार को नगर निगम पहुंच हंगामा, नारेबाजी की।
नगर निगम सीमा के अंतर्गत वार्ड नंबर 56 उर्दू नगर विकास के नाम पर पूरी तरह अछूता है। पूरे वार्ड में गलियों में पांच-छह फुट गहरे गड्ढे हो रहे हैं। कच्ची गलियों में जगह-जगह गंदगी और जलभराव रहता है। डीएम नेहा शर्मा ने गत माह वार्ड का निरीक्षण कर जेड़ाझाल की खुदाई में निकलने वाली मिट्टी का भराव कराने के लिए नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए थे। नगर निगम ने कुछ दिन तो वाहन भेजे। पिछले करीब एक महीने से क्षेत्र में मिट्टी भराव कार्य बंद पड़ा था।
पार्षद मोहम्मद इसरार के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनता ने नगर निगम पहुंचकर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। पार्षद का आरोप है कि एक्सईएन विकास कुरील ने विकास कार्य कराने में भेदभाव किया है, इसी कारण कार्य बंद करा दिया। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द मिट्टी भराव कार्य शुरू नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। क्षेत्रीय जनता के आंदोलन के बाद नगर निगम ने दिन में वाहनों से मिट्टी भराव कार्य शुरू कराया। इस मौके पर पार्षद मोहम्मद इरशाद, आरिफ, जहीर, परवीन, तारिक, खेरुलनिशां, जमीला, अमीना मौजूद थे।