फिरोजाबाद। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए वर्ष 2023 में करीब 33 करोड़ की धनराशि से शहर के 12 चौराहे पर इंटेलीजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत सिग्नल लाइटें लगाई गई हैं। सुहागनगरी के लोग इन लाइटों का पालन नहीं कर रहे हैं। लाल बत्ती पर रुकने के बजाए बेधड़क फर्राटा भर रहे हैं। ऐसा करने पर पिछले 15 महीने में करीब 67 हजार वाहनों का चालान करते हुए 14.17 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। इसके बाद भी लोग सुधार नहीं कर रहे हैं।
शहर के 12 मुख्य चौराहों पर सिग्नल लाइटें लगी हुई हैं। इसके बाद भी वाहन चालक जल्दबाजी और हेकड़ी दिखाकर रेड लाइट जंप कर फर्राटा भरते नजर आते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ आईटीएमएस प्रणाली के जरिए चालान करने के साथ जुर्माना की कार्रवाई की जाती है। यूं तो आम दिनों में भी आगरा पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसती है। लेकिन यहां सुरक्षित चलें... सुरक्षित रहें... यह स्लोगन सिर्फ लोगों के पढ़ने और सुनने के लिए है। आए दिन लोग पुलिस के सामने भी ट्रैफिक रेड लाइट को जंप करते दिख जाएंगे।
इन नियमों का करें पालन
- ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें।
-ड्राइवर को सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य है।
-चालक को निर्धारित स्पीड का पालन चाहिए।
-शराब पीकर ड्राइव नहीं कर सकता।
-सड़क पर चलते समय अपनी ही लेन में चलना होगा।
-गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं कर सकता।
-निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं।
-रेड लाइट पर रुकना, हरी लाइट होने पर आगे बढ़ना, और अन्य सभी यातायात नियमों का पालन करें।
-यदि आपको यातायात नियमों के बारे में कोई प्रश्न है, तो आप स्थानीय यातायात पुलिस से संपर्क करें।
15 महीने में रेड लाइट जंप करने पर हुए चालान (महीनेवार)
वर्ष-2024
महीना.............वाहन...........जुर्माना
जनवरी............4388............21,94000
फरवरी.............3702............18,51000
मार्च................3052.............15,26000
अप्रैल...............7634.............38,17000
मई..................4508..............22,54000
जून..................4327..............24,63,500
जुलाई................5224..............21,12000
अगस्त...............5534...............27,67000
सितंबर...............4769...............23,84,500
अक्तूबर..............4648...............23,24000
नवंबर.................4508...............22,54000
दिसंबर................5634................28,17000
वर्ष-2025
महीना.............वाहन...........जुर्माना
जनवरी...........4388.............21,94000
फरवरी............3702.............18,51000
मार्च...............1552.............7,76000
नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती रही है। ट्रैफिक लाइटों का पालन न करने वालों का आईटीएमएस प्रणाली के जरिए चालान कर जुर्माना लगाया जाता है। रेड लाइट जंप करने वालों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ और सख्ती से अभियान चलाया जाएगा।
- महेश यादव, यातायात प्रभारी