फिरोजाबाद। लोकसभा चुनाव की मतगणना 23 मई को है इसका खाका खींचने का काम प्रशासन ने शुरू कर दिया। जिले के सभी एसडीएम ने अपनी-अपनी विधानसभा के राउंडवार गणना की पूरी तैयारी कर ली है।
विज्ञापन
जसराना विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक राउंड होंगे जबकि सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र की गणना सबसे पहले होने की उम्मीद है।
सभी विधानसभा की राउंडवार गणना की रिपोर्ट सीधे जिला निर्वाचन अधिकारी के पास जाएगी और वहीं से हर राउंड की गणना की घोषणा की जाएगी। जसराना विधानसभा में 460 बूथ होने के कारण यहां 33 राउंड में गणना पूरी होगी।
वहीं सबसे कम सिरसागंज विधानसभा में 27 राउंड में गणना के कार्य समाप्त हो जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी छोटेलाल मिश्रा ने कहा कि मतगणना की तैयारी कर ली गई है। प्रत्येक विधानसभा की गणना के लिए 14-14 टेबिलों को लगाया जाएगा।