फिरोजाबाद। नवरात्र महोत्सव के अंतिम दिन श्रद्धालुओं ने मां के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री का आह्वान किया। आदिशक्ति जगदंबा के दर्शनों को मंदिरों में सुबह से भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने घर-घर में कन्या लांगुरों को भोज कराया।
श्रीराजराजेश्वरी कलादेवी मंदिर पर मंगला दर्शन को कतार लगी। घर-घर में कन्या-लांगुरों को भोज कराया, जो दोपहर तक चलता रहा। मंदिरों के बाहर भी सुबह से शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा। प्रसाद के रूप में चना हलवा, अन्नकूट एवं पूड़ी बांटी गई। शहर के सुभाष तिराहा, बसस्टैंड, गांधीपार्क, स्टेशन रोड, सुहागनगर, जैन नगर, महावीर नगर सहित कई मोहल्लों में प्रसाद वितरण हुआ।
श्री राज राजेश्वरी कैलादेवी मंदिर, उसायनी स्थित मां वैष्णादेवी धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। शहर के नगला करन सिंह स्थित दुर्गा माता मंदिर, कोटला रोड स्थित पथवारी माता मंदिर, चंद्रवार गेट स्थित पथवारी माता मंदिर, जोशियान मोहल्ला, कोटला मोहल्ला स्थित पथवारी माता मंदिर, जलेसर रोड स्थित काली मंदिर, सिनेमा चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर, सुहागनगर स्थित काली मां मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने आराधना कर मनौतियां मांगी।
देवी मंदिरों पर हुआ मेलों का आयोजन
जसराना। कस्बा पाढ़म में देवी मंदिरों पर मेलों का आयोजन किया गया। फरिहा रोड पर मौजूद पथवारी माता के मंदिर पर दो दिवसीय मेले का आयोजन किया गया। मंदिर पर लगे मेले में कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्र से आए सैकड़ों लोगों ने मां की पूजा अर्चना की।
मेले में चाट पकौडे़ की दुुकान के साथ सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भीड़ लगी रही। कस्बा पाढ़म में भी माता टीला मंदिर पर मेले का आयोजन किया गया। नवरात्रि के मौके पर सैकड़ों भक्तों ने नेजा चढ़ाकर मनौती मांगी। इस दौरान देवेंद्र पालीवाल, डा. कुलदीप कुलश्रेष्ठ, कर्मवीर, ओमेंद्र बघेल, लटूरी सिंह, विक्की भट्ट, कंचन भट्ट, राजीव कुशवाहा, रामसहाय का सहयोग रहा।
चनौरा गांव में हुआ चंदौरी माता का पूजन
फिरोजाबाद। चंदौरी देवी माता की पूजा अर्चना की गई। चौबान मोहल्ला, दुली मोहल्ला, विभव नगर से माथुर चतुर्वेदी समाज के लोगों ने चनौरा गांव पहुंचकर माता की पूजा अर्चना की। भक्तों ने मातारानी को चुनरिया उड़ाकर, हवन कुंड में आहुति दी। इसके बाद पूड़ी, सब्जी, हलवा व चना का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद खिलाया। मौके पर नृपेंद्र चतुर्वेदी, शैलेंद्र चतुर्वेदी, नरेश चतुर्वेदी, सत्येंद्र चतुर्वेदी, निशंक चतुर्वेदी, नमन चतुर्वेदी, सरिता मौजूद थे।
मूर्ति स्थापना कर निकाली शोभायात्रा
खैरगढ़। कस्बा में मंदिर में मूर्ति स्थापना के लिए धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। खैरगढ़ निवासी महेशचंद्र ने मंदिर में हनुमान महाराज, भैरव बाबा, मां काली देवी की प्रतिमा की स्थापना कराई। रविवार को बैंडबाजों के साथ कस्बा में मूर्ति स्थापना को शोभायात्रा निकाली गई, जो सदर बाजार, सब्जी मंडी, जैन पार्क, होली गेट होते हुए मंदिर तक पहुंची। भक्त मातारानी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।