बगैर मान्यता स्कूल को बंद कराते नगर शिक्षाधिकारी उपेंद्र सिंह। सोर्स: शिक्षा विभाग।
फिरोजाबाद। सख्ती के बाद भी जिले में बिना मान्यता के विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने अवैध स्कूलों के खिलाफ अभियान चलाया। 12 स्कूल अमान्य रूप से संचालित मिले, उन्हें बंद कराया गया। वहीं एक विद्यालय में आठवीं की मान्यता पर 12वीं तक कक्षाएं संचालित मिली। अमान्य कक्षाओं को बंद कराकर नोटिस जारी किए गए हैं।
बुधवार को नगर शिक्षाधिकारी उपेंद्र सिंह ने पेमेश्वर गेट स्थित सीएलजी विद्यालय में छापा मारा। यहां प्री प्राइमरी से लेकर आठवीं तक करीब 130 बच्चे पढ़ते मिले। नगर शिक्षाधिकारी ने मान्यता मांगी, स्कूल संचालक नहीं दिखा सके। नगर शिक्षाधिकारी ने अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को समझाया कि बगैर मान्यता वाले स्कूल में पढ़ाई न करें। इसके बाद स्कूल को बंद करा दिया गया। इधर, एस के एकडमी स्कूल कोहिनूर रोड पर छापा मारा। यहां भी प्री प्राइमरी से आठवीं तक कक्षाएं संचालित हो रही थीं। नगर शिक्षाधिकारी को स्कूल संचालक नगर शिक्षाधिकारी को मान्यता नहीं दिखा सके। इस स्कूल को ही तत्काल रूप से बंद करा दिया गया। रामनगर में संचालित ओम पब्लिक स्कूल में छापा मारा। यहां आठवीं तक मान्यता मिली, मगर कक्षाएं 12वीं तक संचालित मिली। कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं की छुट्टी करा दी गई। नगर शिक्षाधिकारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि अभिभावक स्वयं जागरूक बनें। अमान्य विद्यालयों में बच्चों का एडमिशन नहीं कराएं। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
वहीं मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान मदनपुर ब्लॉक के ऐलमपुर गांव में संचालित एमडी पब्लिक स्कूल को बंद कराया गया। जेएस अकेडमी दोहिया बगैर मान्यता के संचालित मिला। अरांव में चमने आजम मदरसा नगला खुशहाल और एचएस स्कूल नगला चंदी को भी बंद कराया गया। खैरगढ़ में पीडी ग्लोबल स्कूल कोटला रोड हाथवंत, शिव ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल खैरगढ़, एमएचएस किड्स जेबडा, ग्लोबल पब्लिक स्कूल नगला भजन बगैर मान्यता के संचालित मिला।
एक लाख रुपये लगेगा जुर्माना
जो भी बगैर मान्यता के स्कूल संचालित मिलता है, उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। अविभावकों से अपील है कि वह बगैर मान्यता वाले स्कूलों में बच्चों को न पढ़ाएं। 12 स्कूल बगैर मान्यता के संचालित मिले। इनको बंद कराया गया है।
आशीष पांडेय, बीएसए