गुजरे साल की विदाई और नए साल के स्वागत को लेकर युवाओं में गजब का उत्साह रहा। नव वर्ष के मौके पर कॉलेज एवं कोचिंग सेंटरों में टीनएजर्स ने जमकर धमाल मचाया। अलग-अलग अंदाज में नववर्ष का स्वागत किया गया। वहीं होटलों के अलावा अन्य स्थानों पर भी नव वर्ष की पार्टियों में जमकर धमाल मचा।
नए साल की खुशी और उत्साह हर वर्ग के लोगों में देखा गया। गुरुवार को कॉलेजों एवं कोचिंग सेंटरों पर युवाओं ने धमाल मचाया। डीजे पर डांस कर स्टूडेंट्स नववर्ष सेलीब्रेशन का आनंद लेते रहे। केक काटकर युवाओं ने पुराने साल को अलविदा और नए साल का स्वागत किया। वहीं, विभिन्न संगठनों द्वारा होटलों एवं रेस्टोरेंट में जश्न देर रात्रि तक मनाया गया। नए साल का स्वागत करने के लिए लोग देर रात तक जागते रहे और निगाहें घड़ी की सुइयों से मिलाते रहे। रात्रि 12 बजते ही आसमान में सप्तरंगी आतिशबाजी होने लगी। केक काटकर काटकर हैप्पी न्यू ईयर कर लोगों ने एक दूसरे को बधाईयां दीं।
न्यू ईयर के स्वागत में टकराए जाम से जाम
प्रत्येक वर्ग के लोगों ने न्यू ईयर सेलीब्रेशन अपने-अपने अंदाज में किया। युवाओं की पसंद बन चुकी वाइन खासकर युवाओं की पार्टी में शामिल हुई। बीयर बार, मॉडल शॉप, होटलों में युवाओं की भीड़ देखी गई। यहां युवा जाम से जाम टकराते नजर आए।
12 बजते ही घनघनाने लगीं फोन की घंटी
नववर्ष के स्वागत को लेकर लोग देर रात तक जागते रहे। रात में 12 बजते ही लोगों ने अपने रिश्तेदारों, दोस्तों को फोन लगाकर हैप्पी न्यू-ईयर की बधाईयां दीं। एसएमएस, व्हाट्सएप पर भी शुभकामना संदेश चले।
सोशल मीडिया पर हुआ न्यू ईयर सेलीब्रेशन
सोशल मीडिया पर न्यू ईयर सेलीब्रेशन दिखाई दिया। युवा एक ओर पार्टी सेलीब्रेट करने में लगे थे तो वहीं इन पलों को फेसबुक जैसी साइटों पर अपलोड किया जा रहा था। शुभकामना संदेश, इलेक्ट्रोनिक ग्रीटिंग आदि देर रात तक अपलोड किए गए। वहीं, नववर्ष की बधाईयां देने के लिए लोगों ने एसएमएस से ज्यादा व्हाट्सअप का प्रयोग किया।
छात्र-छात्राओं ने मचाया धमाल
फीरोजाबाद। प्रो. राजेंद्र सिंह सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नए साल की पूर्व संध्या पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने नृत्य प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया। जूनियर और सीनियर वर्ग की टीमों ने भाग लिया। डायरेक्टर डॉ. आरपी सिंह ने बच्चों को नए साल की शुभकामनाएं दीं।