दक्षिण थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तीन बाइक चारों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस ने बदमाशों से पूछताछ करते हुए जेल भेज दिया है।
सोमवार देर शाम दक्षिण पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गांधी पार्क चौराहा के समीप से तीन युवकों को हिरासत में लिया था। उनके पास मौजूद तीन बाइक के कागजात भी नहीं थे। पकड़े गए युवकों ने पूछताछ के दौरान अपने नाम राजू पुत्र रघुनाथ सिंह निवासी हिमायूंपुर थाना दक्षिण, अनूप उर्फ अन्ना पुत्र तेजप्रकाश जाटव निवासी पचवान थाना नारखी तथा भोला उर्फ शिवशंकर शर्मा पुत्र अशोक शर्मा निवासी सतीनगर थाना एत्माद्दौला आगरा बताए। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वह वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस ने उनकी निशान देही पर सात बाइक विभिन्न स्थानों से बरामद कर लीं। घटना का खुलासा करते हुए सीओ सिटी राजेश चौधरी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में राजू मूलरूप से बिरुहनी थाना अजीतमल जनपद औरैया का रहने वाला है। सभी लोग फीरोजाबाद से बाइक चोरी कर गाजियाबाद और अलीगढ़ में बेचा करते थे। इस गिरोह के तीन अन्य साथियों को कुछ दिन पूर्व टूूंडला पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जबकि कुछ साथी अभी फरार हैं। उनके कब्जे में भी चोरी की करीब पांच से सात बाइक हैं। उनकी तलाश की जा रही है।