यूपी में लखीमपुर खीरी के भीरा रेंज में एक बार फिर बाघ ने अपनी आमद दर्ज करा दी है। रेवतीपुरवा गांव के पास शारदा नदी में मछली मारने गए ग्रामीण पर बाघ ने हमला कर दिया। बचाव में ग्रामीण ने भी बाघ पर हंसिया से वार किया, इससे वह भाग गया। घायल ग्रामीण को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बिजुआ निवासी शौकत अली (48) शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे रेवतीपुरवा गांव के पास शारदा नदी में मछली मारने गए थे। शौकत शारदा नदी की धार मे कांटा-डोरी लगाकर मछली मार रहा था, तभी धार के साथ आए बाघ ने उसकी पीठ, चेहरे और हाथ पर पंजा मार दिया।
शौकत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बाघ पर हंसिये से तीन वार कर दिए। परिवार वाले पहले शौकत को बिजुआ सीएचसी लाए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।