एक लड़की को गांव के ही एक लड़के से मुहब्बत हो गई थी, लेकिन उसके घरवालों को इस बात पर ऐतराज था। जब दोनों नहीं माने तो लड़की के पिता और जीजा ने लड़के को घर बुलाकर लाठियों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
युवक को बचाने आई उसकी मां और प्रेमिका को भी पीटा गया। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपियों ने उसके शव को पेड़ से लटकाने की भी कोशिश की।
पुलिस ने युवती के पिता और जीजा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामनगर बगहा गांव निवासी श्रीप्रकाश मौर्य उर्फ पंडित खेतीबाड़ी करते हैं। बताया जाता है कि उनके बड़े पुत्र 18 वर्षीय पंकज का गांव की ही एक सजातीय और संपन्न परिवार की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
पंकज की मां पुष्पा ने बताया कि बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे युवती के पिता और उसके जीजा उसके घर आए तथा चूना लेने के बहाने पंकज को अपने घर बुला ले गए।
वहां दोनों ने पंकज को कमरे में बंदकर लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। उसकी चीख सुनकर वह बेटे को बचाने पहुंची और पुत्र की जान बख्शने की भीख मांगने लगी तो आरोपियों ने उसको भी मारा-पीटा। युवक की प्रेमिका ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा गया।
लाठियों से बुरी तरह जख्मी पंकज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद हत्यारोपी उसके शव को घसीट कर थोड़ी दूरी पर खेत में ले गए।
वे शव को पेड़ से लटकाने की कोशिश कर ही रहे थे कि गांव वालों के साथ पुलिस वहां पहुंच गई। उन्हें देखकर आरोपी भाग गए।
पंकज की मां की तहरीर पर पुलिस ने युवती के पिता और जीजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जीजा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने इसे ऑनर किलिंग मानने से इनकार करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।