फतेहपुर। जिले में खरीफ फसलों का डिजिटल क्रॉप सर्वे 25 सितंबर तक पूरा किया जाना है। इसके लिए युवाओं को सर्वेयर के रूप में जोड़ा जाएगा। जो युवा इसमें भाग लेना चाहते हैं, उनके पास एंड्रॉइड मोबाइल फोन होना जरूरी है। फसलों की पहचान करने की जानकारी होनी चाहिए।
एक सर्वेयर अधिकतम 3000 गाटों का सर्वे कर सकेगा। प्रत्येक प्लॉट की प्रति फसल के लिए पांच रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यदि एक प्लॉट में एक से ज्यादा फसलें हों, तो अधिकतम 10 रुपये तक मिल सकते हैं।
उप कृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह के अनुसार पहले संबंधित राजस्व ग्राम और न्याय पंचायत के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित युवाओं को कृषि विभाग की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। आईडी बनने के बाद ही वह सर्वे कार्य में भाग ले सकेंगे।
इच्छुक युवक अपने विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार या उप कृषि निदेशक कार्यालय में संपर्क करें। उन्हें आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी।