फतेहपुर। लोधीगंज स्थित एक अस्पताल में भर्ती दोस्त को देखने पहुंचे एक युवक को कुछ लोगों ने जमकर पीटा। इसका विरोध करने पर उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की।
हमलावरों ने युवक की गाड़ी भी तोड़ दी और भाग निकले। मारपीट में युवक का सिर फट गया। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में शिकायत दी गई है।
मलवां थाना क्षेत्र के बुधइयापुर मजरे कोराई गांव के संजय सिंह अपनी पत्नी रीता देवी व पुत्र आलोक के साथ रविवार रात आठ बजे लोधीगंज स्थित साधना हास्पिटल पहुंचे थे।
यहां पर उनका मित्र मोहम्मद कादिर निवासी खासमऊ भर्ती है। रीता देवी का आरोप है कि अस्पताल के अंदर पहुंचते ही लोधीगंज स्थित एक दूसरे अस्पताल के संचालक व उनके कुछ साथी अस्पताल में घुस आए और पति को डंडे से पीटने लगे।
उसने पति को बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने जानलेवा धमकी देते हुए उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। पति का सिर फोड़ दिया।
वह अपनी जान बचाने के लिए बाहर खड़ी कार में जाकर छिपी तो हमलावरों ने कार को तोड़ दिया और भाग निकले।
रीता देवी ने पति को सदर अस्पताल में भर्ती कराया और सोमवार को प्रकरण की तहरीर कोतवाली में दी। इस मामले में दूसरे पक्ष से नीलू तिवारी निवासी जहानपुर बिंदकी ने भी प्रार्थना पत्र दिया।
जिसमें कहा गया है कि वह लोधीगंज बाईपास स्थित एक अस्पताल में स्टाफ नर्स है। रविवार रात साढ़े आठ बजे काम खत्म करने के बाद वह अस्पताल से निकल रही थी।
तभी एक कार सवार लोग वहां आए और उसे पकड़कर खींचने लगे। इसमें उसके कपड़े फट गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर अस्पताल में काम करने वाला उत्तम वहां आया तो हमलावरों ने उसे पीटकर घायल कर दिया और अस्पताल में तोड़फोड़ की।
इंस्पेक्टर कोतवाली रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रात में मारपीट की सूचना मिली थी। किसी भी पक्ष से उन्हें तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलती है तो उचित कार्यवाही की जाएगी।