गाजीपुर थाना क्षेत्र के देवलान गांव में मंगलवार रात युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। युवक के भाई ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।सूरत में काम धंधा करने वाला देवलान गांव निवासी रामरूप यादव (30) मकर संक्रांति पर गांव आया था।
मंगलवार शाम वह शौच के लिए जंगल में गया, जहां गोली मार कर हत्या कर दी गई। काफी देर तक घर न लौटने पर रामरूप का बड़ा भाई सूबेदार उर्फ लंबरी ने खोजबीन शुरू की। सुबह शव जंगल में मिला। रामरूप के चेहरे और आंख में गोली लगने के निशान मिले हैं।
जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस को मौके पर 315 बोर का तमंचा और पांच कारतूस मिला है। सूबेदार ने पुलिस को गांव के चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। उसका आरोप है कि एक साल पहले भूसा खरीद फरोख्त को लेकर गांव के कुछ लोगों से रामरूप का विवाद हुआ था।
इसके बाद वह सूरत चला गया था। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई है। एएसपी आरके यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।