औंग। अंबाला से कमाकर घर लौट रहे युवक को बाइक से लिफ्ट देने के बहाने जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। होश आने पर बृहस्पतिवार शाम युवक ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के सैंबसी निवासी नंदकिशोर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अंबाला में निजी नौकरी करता है। बुधवार रात करीब एक बजे कानपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह टाटमिल चौराहे पर बस का इंतजार कर रहा था। रात करीब तीन बजे बाइक सवार दो युवक उससे बातचीत करने लगे और फतेहपुर छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया।
आरोप है कि महाराजपुर मंदिर के पास चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को औंग थाना क्षेत्र के राहसूपुर गांव में एक होटल के बाहर तख्त पर पाया। उसके पास से 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल गायब थे।
गांव पहुंचकर बैंक खाता जांचने पर उसमें से 9005 रुपये भी निकाले जा चुके थे। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।