फोटो-18-धाता में आयोजित दंगल में दांव पेच आजमाते पहलवान। संवाद
धाता। कस्बे में दशहरा मेले के समापन के बाद सोमवार को इनामी दंगल आयोजित किया गया। इसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाते हुए शानदार दांवपेच आजमाए। रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे। प्रयागराज के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिंह ने दंगल का शुभारंभ किया।
दंगल में 1100 रुपये की कुश्ती में पंजाब के चीता पहलवान ने महोबा के प्रमोद को हराया। 600 रुपये के मुकाबले में उरई के लक्ष्मी पहलवान ने गाजीपुर के राजेश को मात दी। 500 रुपये की कुश्ती में प्रतापगढ़ के रोहित ने बांदा के अशोक को पराजित किया। वहीं 600 रुपये के मुकाबले में अनुराग पहलवान ने घाटमपुर के महेंद्र को पटकनी दी।
800 रुपये की कुश्ती में फतेहपुर के संतोष ने रायबरेली के पप्पू को चित किया। 700 रुपये के मुकाबले में टेसाही के वीरभान ने प्रतापगढ़ के राजेश को हराया। 800 रुपये की कुश्ती में पन्ना के लोहा सिंह ने चित्रकूट के राजेश को मात दी। वहीं 600 रुपये के मुकाबले में उरई के लक्ष्मी पहलवान ने बांदा के पंजाबी पहलवान को पराजित किया।
सोनू प्रतापगढ़ और राधे धाता, कामता परसिद्धपुर और राजू गाजीपुर, शिवरन पश्चिम शरीरा और सचिन सेगरहा तथा मोनू अंधावा और पुष्पेंद्र प्रतापगढ़ के बीच मुकाबले बराबरी पर छूटे।
आयोजक धीरेंद्र सिंह एडवोकेट ने बताया कि मंगलवार को भी दंगल आयोजित होगा, जिसमें अन्य क्षेत्रों से पहलवानों के आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले पहलवानों को रहने-खाने समेत अन्य खर्च भी दिया जाता है।
फोटो-18-धाता में आयोजित दंगल में दांव पेच आजमाते पहलवान। संवाद