फतेहपुर। जिला अस्पताल को आपात स्थिति में मरीजों के बचाव के लिए मानकों के अनुरूप बनाने का काम शुरू कर दिया है। यहां दमकल विभाग के निर्देशों के मुताबिक जगह-जगह इमरजेंसी निकास द्वार बनाए जा रहे हैं। इसको लेकर प्रसव वार्ड से लेकर ऑपरेशन थियेटर तक दीवारों को तोड़ने का काम शुरू किया है।
जिला अस्पताल का भवन अग्निशमन मानकों के खिलाफ आपात निकास द्वार न होने की खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेते हुए दमकल विभाग ने ऑडिट कर पूरे भवन में अलग-अलग जगहों पर 10 से अधिक दो मीटर चौड़े आपात निकास बनाने के निर्देश दिए थे। जिला अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आपात निकास बनवाने का काम शुरू कर दिया है। महज 15 दिनों के भीतर सभी आपात निकास बनकर तैयार होने की संभावना है।
जिला अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाने की भी कवायद जारी है। इसके लिए अस्पताल में 16 सीसीटीवी कैमरे और लगाए जा रहे हैं। यहां पहले से 11 कैमरे लगे हैं। अब 16 कैमरे लगाने के बाद जिला अस्पताल कुल 27 कैमरों से लैस हो जाएगा। वार्डों से लेकर हर गलियारे में तीसरी आंख की नजर होगी। इस तरह जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता हो जाएगी।
-
ऑडिट के दौरान चिह्नित की गई जगहों पर इमरजेंसी निकास बनवाए जा रहे हैं। जल्द ही काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद फायर फाइटिंग सिस्टम का काम करवाया जाएगा। जिला अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाते हुए 16 नए कैमरे लगवाए जा रहे हैं। - डॉ. पीके सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल