फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehpur News: महिला टप्पेबाजों ने उड़ाए 49 हजार रुपये

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

खागा। भारतीय स्टेट बैंक की खागा शाखा से पैसा निकालकर नौबस्ता रोड पर पैदल जा रही एक महिला खाताधारक को तीन टप्पेबाज महिलाओं ने अपना शिकार बना लिया। एक ई-रिक्शा संचालक ने तीनों को बैठाया और उसी दौरान महिला खाताधारक के झोले से रुपये पार कर दिए गए। पैसा चोरी होने पर महिला ने ई-रिक्शा चालक से पूछताछ की लेकिन तब तक महिलाएं वहां से जा चुकी थीं। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में तीनों महिलाओं के फुटेज मिले हैं।
खागा के राजपूत नगर निवासी अलका सिंह पत्नी घनश्याम का खाता एसबीआई में है। वह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बैंक पहुंचीं और अपने खाते से 49 हजार रुपये निकालकर झोले में रख लिए। नौबस्ता रोड की ओर रावण मैदान मोड़ तक पैदल पहुंचीं। यहां पर पहले से मौजूद एक रिक्शे वाले ने अलका को राजपूत नगर तक छोड़ने की बात कहकर बैठा लिया। रिक्शा हनुमान मंदिर से थोड़ा आगे पहुंचा तो दो महिलाएं व एक युवती भी वहां से सवार हो गईं। एक महिला व युवती अलका के अगल-बगल बैठ गई। अलका ने तुरंत राजपूत नगर चलने के लिए कहा, तो रिक्शा चालक ने तीनों महिलाओं को नौबस्ता पुल के नीचे छोड़ने की बात कही। पुल के नीचे पहुंचने के बाद रिक्शा चालक ने महिलाओं को नहीं उतारा और नौबस्ता रोड फायर स्टेशन के आगे जाकर रोका। तीनों महिलाएं उतर गईं। महिलाओं के जाते ही अलका ने अपना झोला देखा तो उसमें रुपये नहीं थे। उसने रिक्शा चालक को रोका और महिलाओं को लेकर पूछताछ की तो उसने जानकारी होने से इन्कार किया।
विज्ञापन

अलका की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रिक्शा चालक को लेकर कोतवाली आई। पूछताछ के बाद रिक्शा चालक को छोड़ दिया गया। पुलिस ने बैंक जाकर सीसीटीवी चेक किए तो पता चला कि रुपये चोरी करने वाली दो महिलाएं बाहर एटीएम के पास बैठी थीं और एक युवती पीछे खड़ी होकर अलका को पैसे निकालते हुए देख रही थी। अलका के बाहर निकलने से चंद मिनट पहले ही युवती बाहर आई और फिर तीनों पैदल अलका का पीछा करते हुए नौबस्ता रोड की ओर चली गईं। कस्बा प्रभारी नीरज कुशवाहा ने बताया कि महिला के रुपये चोरी होने की जांच की जा रही है। महिलाओं के फुटेज निकालकर उन्हें पहचानने का प्रयास किया जा रहा है।

रिक्शा चालक पर शंका जताई
अलका सिंह ने ई-रिक्शा चालक पर महिलाओं के साथ मिले होने की शंका जताई है। अलका सिंह ने बताया कि चोरी करने वाली महिलाओं के बिना कुछ कहे ही चालक ने रिक्शा रोककर उन्हें बैठाया। कहा कि वह उन्हें ब्रिज के नीचे छोड़ेगा लेकिन वह उन्हें फायर स्टेशन के आगे तक ले गया। चालक ने बताया कि महिलाएं हथगाम की हैं, जबकि महिलाओं ने अपने निवास के बारे में रिक्शा चालक को कुछ नहीं बताया था।
विज्ञापन


मध्य प्रदेश की महिलाएं खागा में सक्रिय
खाताधारकों के साथ होने वाली टप्पेबाजी व चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस रिकार्ड से पता चलता है कि खागा में बैंकों के नजदीक मध्य प्रदेश की रहने वाली महिलाओं का एक गैंग सक्रिय है। पूर्व में कुछ महिलाएं गिरफ्तार भी हो चुकी हैं। महिलाएं मूल रूप से ग्राम कड़िया सासी थाना बोड़ा राजगढ़ मध्य प्रदेश की रहने वाली हैं। इनकी बस्ती का हर व्यक्ति व महिलाएं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें