बिजौली में रेती बिलखती महिलाएं
- फोटो : FATEHPUR
अमौली। मानसिक तनाव के चलते एक महिला ने रविवार सुबह कुएं में कूदकर जान दे दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव ग्रामीणों की मदद से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
चांदपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव निवासी राम कुमार के मवेशी घर से कुछ दूरी पर बांधे जाते हैं। रविवार सुबह उसकी पत्नी गीता देवी (41) मवेशियों की देखभाल और साफ सफाई के लिए घर से निकली थी।
ग्रामीणों ने बताया कि वह गांव किनारे सूखे कुएं के पास कुछ देर तक खड़ी रही। इसके बाद अचानक कुएं में छलांग लगा दी।
यह देखकर वह लोग मौके पर पहुंचे और उसके परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक ग्रामीण को रस्सी से खटोला बांधकर कुएं में उतारा, तो अंदर महिला मृत मिली।
महिला के शव को बाहर निकल कर पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेज दिया। पति राम कुमार ने बताया कि पत्नी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था।
प्रधान धर्मेंद्र सचान ने बताया कि परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। इस वजह से महिला तनाव में रहती थी। थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।