ललौली। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला को शादी का झांसा देकर युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत पर वीडियो वायरल की धमकी दी। पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
महिला ने बताया कि उसकी शादी कानपुर नगर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में हुई है। पति के शराब का लती होने से वह मायके में रहने लगी। इसी बीच उसकी मुलाकात कोंडार निवासी विक्रांत सिंह से हुई। विक्रांत ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और दुकान पर बुलाया।
आरोप है कि यहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी अश्लील तस्वीर खींची और वीडियो बनाए। होश आने पर जानकारी हुई। वह शिकायत करने थाने जाने लगी तभी विक्रांत ने शादी का भरोसा दिया। उसे कुछ दिन के लिए हरियाणा प्रांत के चंदावली ले गया। यहां करीब एक साल तक पत्नी की तरह अपने साथ रखा लेकिन शादी नहीं की। उसके वेतन से भी रुपये लेता रहा। जेवर भी ले लिए।
शादी का दबाव बनाने पर विक्रांत उसे 28 अगस्त 2025 को हरियाणा से रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा। रेलवे स्टेशन से बाइक से गांव ले जाने लगा। रास्ते में दुकान पर बाइक रोकी। यहां दुष्कर्म किया और 18 हजार रुपये लूट लिए। आरोपी के पिता किसान नेता हैं। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद राव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।