मकर संक्रांति पर इलाहाबाद से संगम स्नान कर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। गुरुवार की शाम परिवार के सभी लोग आर्टिगा कार से कानपुर लौट रहे थे। खागा कोतवाली क्षेत्र के पास हाईवे पर एक वृद्ध को बचाने में गुरुवार शाम को अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि चालक समेत परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने जिला अस्पताल से हैलट कानपुर को रेफर किया।
कानपुर के पनकी पड़ाव निवासी किशोर कुमार वाजपेयी पत्नी उमा वाजपेयी (35), बेटे सलिल वाजपेयी (20) व परिवार के सदस्यों अल्का वाजपेयी (24) पत्नी हिमांशु, गोविंद (10) पुत्र अजय कुमार, सरिता पत्नी अजय कुमार को लेकर मकर संक्रांति पर इलाहाबाद संगम स्नान के लिये आर्टिगा कार से गए थे।
गुरुवार की दोपहर गंगा स्नान करने के बाद सभी लोग कानपुर लौट रहे थे। खागा कोतवाली क्षेत्र के महिचा मंदिर हाइवे पर अचानक कार के सामने एक वृद्ध आ गया।
कार चालक संदीप पांडेय (38) पुत्र मनोज पांडेय ने वृद्ध को बचाने में तेज रफ्तार कार में ब्रेक लगा दी। इससे कार बेकाबू होकर पलट गई।
हादसे की सूचना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डाक्टरों ने उमा बाजपेई को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को कानपुर रेफर किया गया।