बकेवर। मायके से ससुराल गई महिला की शनिवार रात जहर खाने से मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के जोनिहा निवासी राजेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने पुत्री रानी (25) की शादी 10 मई 2025 को बकेवर थाना क्षेत्र के कंशमीरीपुर निवासी राहुल यादव से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में बाइक, चेन और नकदी की मांग को लेकर रानी को प्रताड़ित करता था।
उन्होंने बताया कि रानी ने कई बार फोन पर ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। परिवार संबंध टूटने के भय से उसे समझाकर ससुराल में रहने की सलाह देता रहा। कुछ दिन से रानी मायके में रह रही थी। शनिवार को पति राहुल यादव उसे विदा कराने पहुंचा। परिवार के समझाने पर वह पति के साथ ससुराल चली गई।
आरोप है कि रात करीब 11 बजे रानी ने छोटी बहन को फोन कर बताया कि पति राहुल, देवर रोहित, सास-ससुर और ननद ने उसे कमरे में बंद कर पीटा है और जहर खिलाने की बात कर रहे हैं। परिजन रात करीब 12 बजे ससुराल पहुंचे। यहां रानी अचेत अवस्था में घर के बाहर मिली। पूछने पर ससुरालियों ने पीट दिया।
इसके बाद डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी गई। रानी को सीएचसी बिंदकी ले जाया गया। यहां से जिला अस्पताल और बाद में कानपुर रेफर किया गया। कानपुर स्थित एक नर्सिंग होम में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि पति राहुल यादव, ससुर हंसराज, सास लक्ष्मी, देवर रोहित यादव, ननद आशा और सुता के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जहर खिलाकर हत्या करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच सीओ बिंदकी की ओर से की जा रही है।
फाइल फोटो-10-रानी। स्रोत: परिजन