फतेहपुर। फर्जी दस्तावेज और आधार कार्ड लगाकर महिला की जमीन का बैनामा कर 44.30 लाख की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
राधानगर थाना क्षेत्र के झाऊपुर निवासी स्व. राम सिंह की पत्नी लक्ष्मी देवी ने बताया कि 23 जून को उसने असोथर थाना क्षेत्र के कुसुम्भी गांव स्थित जमीन का रानिया थाना क्षेत्र के उमरनपुर निवासी श्रीमती पत्नी धर्मेंद्र कुमार के नाम बैनामा कराया था।
बैनामे के बाद कब्जा लेने पहुंचने पर वहां ग्रामीणों के साथ वास्तविक भूमि स्वामी श्रीमती भी मौजूद मिलीं। जांच में बैनामे में लगी विक्रेता की फोटो वास्तविक भू-स्वामी से अलग पाई गई। आरोप है कि किसी दूसरी महिला की फोटो लगाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया गया और उसके आधार पर जमीन का बैनामा करा दिया गया।
लक्ष्मी देवी ने बताया कि जमीन खरीदने के एवज में करीब 29.30 लाख रुपये श्रीमती के केनरा बैंक बिरहाना रोड कानपुर स्थित खाते और मिथलेश गर्ग के खाते में भेजे गए थे। बैनामे के दिन करीब 15 लाख रुपये नकद भी दिए गए।
जमीन का सौदा कराने में रमवां निवासी अरविंद तिवारी उर्फ भूषण तिवारी, सैंबसी निवासी अनुपम द्विवेदी, चकसकरन निवासी गिरधारी लाल, अयाह निवासी राम विशाल साहू और मदरियापुर निवासी रामकिशोर की भूमिका बताई गई है। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।