फतेहपुर। खेत पर टूटकर गिरी हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आने से शुक्रवार को महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने पुलिस को चार घंटे तक शव नहीं उठाने दिया। विद्युत निगम के अधिकारियों को बुलाने और मुआवजे की मांग की। पुलिस करीब सुबह 11 बजे शव को कब्जे में ले सकी।
किशनपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी नींबूलाल सोनकर की पत्नी रूपा (42) बड़े बेटे अंशुमान (10) के साथ सुबह करीब पांच बजे धान कूटने खेत जा रहीं थीं। परिजन के मुताबिक खेत पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा पड़ा था। महिला का पैर तार में छूने से वह करंट की चपेट में आ गई।
महिला की चीख निकलते ही बेटा डरकर कुछ कदम पीछे हट गया। महिला जमीन पर गिरी और देखते ही देखते उसका शरीर सुलगने लगा। यह देखकर अंशुमान शोर मचाते घर पहुंचा। परिजन और ग्रामीण पहुंचे लेकिन देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की बिजली भोर करीब चार बजे के आसपास गुल हो गई थी। तभी तार टूटकर गिरा होगा। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि पहले कई बार जर्जर तारों के बदलने की शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी तार बदले नहीं गए।
इसी वजह से हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने मुआवजा देने की मांग की। विजयीपुर चौकी प्रभारी पंकज सिंह पहुंचे। पुलिस को ग्रामीणों ने शव उठाने से रोक दिया। चौकी प्रभारी ने उपकेंद्र के अफसरों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं हो सकी।
पुलिस ने परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। परिजन और ग्रामीणों ने मुआवजा न देने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की बात कही। करीब पुलिस चार घंटे बाद शव को उठा सकी।
अवर अभियंता नुसरत अली ने बताया कि हाईटेंशन लाइन का तार टूटने की सूचना मिलते ही सप्लाई बंद कर दी गई थी। तार कुछ समय पहले ही नए पड़े हैं। अगर तार ढीले हो गए हैं तो उन्हें ठीक कराया जाएगा। थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-10-टूटकर गिरा बिजली तार। संवाद
फोटो-10-टूटकर गिरा बिजली तार। संवाद
फोटो-10-टूटकर गिरा बिजली तार। संवाद