फतेहपुर। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर बहू को लाठी-डंडे से पीटने के बाद गला घोंटकर जान लेने की कोशिश की गई। एसपी के आदेश पर मंगलवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
राधानगर थाना क्षेत्र के खुशवक्तराय नगर निवासी चंद्र सिंह की पुत्री सुमन उर्फ कोमल की शादी पांच फरवरी 2022 को लखनऊ चिनहट थाना क्षेत्र के शंकरपुरी हनुमान मंदिर निवासी विजय सिंह के साथ हुई थी।
सुमन ने एसपी से शिकायत में बताया कि शादी के बाद पति, सास बिटान देवी, ससुर समर सिंह, जेठ जय, देवर अजय सिंह दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। उसे 20 फरवरी को लाठी से पीटा और जान से मारने की नीयत से गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर पड़ोसियों के आने पर घर से भगा दिया।
शिकायत के बाद पुलिस ने ससुरालियों को बुलाकर सख्त हिदायत दी। इसके बाद भी ससुराली नहीं माने। उसे आठ अक्तूबर को फिर पीटा। सूचना पर पिता और भाई ससुराल आए। उन्हें भी अपमानित किया गया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।