फोटो-12-फतेहपुर: चौडगरा स्थित किराने की दुकान में रखी चीनी व अन्य सामान। संवाद
फतेहपुर। महंगाई के बीच चीनी के थोक और फुटकर भाव में अंतर बना हुआ है। थोक बाजार में बीते एक सप्ताह में चीनी के दाम 100 रुपये प्रति क्विंटल घटे हैं, लेकिन फुटकर ग्राहकों को इसका लाभ नहीं मिला। शहर में डबल फिल्टर चीनी 70 रुपये और महीन चीनी 65 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही है।
थोक व्यापारी सत्येंद्र गुप्ता ने बताया कि फिलहाल चीनी का थोक भाव छह हजार रुपये प्रति क्विंटल है। बीते एक सप्ताह में इसमें 100 रुपये की गिरावट आई है। हालांकि त्योहारों और सहालग के दौरान मांग बढ़ने से कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहता है।
फुटकर विक्रेता विकास गुप्ता ने बताया कि 50-50 किलोग्राम की दो बोरियां दुकान तक पहुंचाने में 50 से 60 रुपये तक भाड़ा खर्च होता है। फुटकर बिक्री के दौरान कुछ अतिरिक्त चीनी भी देनी पड़ती है। ऐसे में ढुलाई खर्च और सीमित मुनाफा जोड़कर कीमत तय करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि चीनी की बिक्री करना भी मुश्किल हो रहा है।
दुकानदार प्रेम नारायण के मुताबिक, थोक बाजार में चीनी के भाव गुणवत्ता और दाने के आकार के आधार पर अलग-अलग हैं। महीन चीनी छह हजार रुपये और डबल फिल्टर चीनी 6200 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। मोटे दाने की मांग अधिक होने से उसका भाव भी ज्यादा है। इसी वजह से फुटकर दुकानों पर भी गुणवत्ता और खरीद के आधार पर कीमतों में अंतर रहता है।